एजेंसीमनोरंजन

स्मिता पाटिल की बर्थ एनिवर्सरी पर भावुक हुए बेटे प्रतीक, कहा- ‘मेरी गार्जियन एंजेल…’

स्मिता पाटिल की 71वीं जयंती पर बेटे प्रतीक, राज बब्बर और अवतार गिल ने उन्हें याद किया. तीनों ने अभिनेत्री की प्रतिभा, प्यार और उनकी खास विरासत को याद करते हुए भावुक संदेश साझा किए.

अभिनेत्री स्मिता पाटिल की जयंती पर अभिनेता राज बब्बर, प्रतीक स्मिता पाटिल और अभिनेता अवतार गिल ने याद किया. अभिनेता प्रतीक स्मिता पाटिल ने अपनी दिवगंत मां और अभिनेत्री को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि दी. प्रतीक ने इंस्टाग्राम पर अपनी शादी की तस्वीरें शेयर कीं, जिसमें वह पत्नी और अभिनेत्री प्रिया बनर्जी के साथ नजर आ रहे हैं.

मां को याद कर भावुक हुए प्रतीक

प्रतीक ने अपनी मां को याद करते हुए लिखा, ‘मेरी गार्जियन एंजेल को हैप्पी हेवनली बर्थडे. ये दुनिया हमारे प्यार को देखने के लिए बहुत कमजोर थी, लेकिन हमारे प्लान हमेशा कुछ और ही थे. मैं अपने जीवन के हर पल में तुम्हारा आशीर्वाद और सुरक्षा महसूस करता हूं, खासकर उन लम्हों में जो मुझे परिभाषित करते हैं और बताते हैं कि मैं असल में कौन हूं और हमने एक-दूसरे के लिए ये सफर क्यों चुना.’

उन्होंने आगे लिखा, ‘अब पीछे मुड़कर देखता हूं, तो समझ आता है कि आप हमेशा मुझे देख रही थी, मुझे आशीर्वाद दे रही थी और इस दुनिया से बचा रही थी. ऊर्जा को न तो बनाया जा सकता है और न ही खत्म किया जा सकता है, लेकिन हमने बड़ी खूबसूरती से एक ऊर्जा बनाई है, जो हमारी आत्माओं से जुड़ी है और असीम है, इसे कभी खत्म नहीं किया जा सकता. हमारी चमक कभी फीकी नहीं पड़ेगी, हमारी आग कभी कम नहीं होगी, हमारी रोशनी हमेशा जलती रहेगी.’

राज बब्बर ने भी किया याद

वरिष्ठ अभिनेता और नेता राज बब्बर ने अपनी दिवंगत पत्नी स्मिता पाटिल को उनकी 71वीं जयंती पर याद किया. उन्होंने उनकी प्रतिभा, गर्मजोशी और उनकी अमिट विरासत को श्रद्धांजलि दी.

राज बब्बर ने इंस्टाग्राम पर दिवंगत अभिनेत्री की एक तस्वीर शेयर की. उन्होंने लिखा, स्मिता में एक दुर्लभ संवेदनशीलता थी. भले ही उनका सफर बहुत छोटा रहा, लेकिन उनकी कला ने एक अमिट छाप छोड़ी. उन्होंने सिर्फ किरदार नहीं निभाए, बल्कि उनकी आत्मा में जान डाल दी. मुझे उनकी गर्मजोशी, असाधारण प्रतिभा और हर उस चीज की कमी खलती है, जो उन्हें इतना खास बनाती थी.

उन्होंने आखिरी में लिखा, स्मिता पाटिल की विरासत आज भी पीढ़ियों को प्रेरित करती है, दिलों को छूती है. कलाकार तब दुनिया छोड़ते हैं जब उन्हें भुलाया जाता है, लेकिन स्मिता हर उस दिल में अपना एक हिस्सा छोड़ गईं, जिसे उन्होंने छुआ.

अवतार गिल ने बताया खास इंसान

अभिनेता अवतार गिल ने भी दिवंगत अभिनेत्री स्मिता पाटिल को उनकी जयंती पर याद किया. अवतार ने इंस्टाग्राम पर अभिनेत्री के साथ तस्वीर पोस्ट कर लिखा, दिवंगत महान स्मिता पाटिल को उनकी जयंती पर याद पर याद कर रहा हूं. स्मिता एक बेहतरीन अदाकारा होने के साथ-साथ एक सच्ची खूबसूरत इंसान थी.

मुझे सबसे ज्यादा उनकी दयालुता, उनकी गर्मजोशी की याद आती है. उनमें एक दुर्लभ गरिमा थी, जो उनकी अपार प्रतिभा से कहीं बढ़कर थी और एक इंसानियत थी जो उन्हें वास्तव में खास बनाती थी.उन्होंने आगे लिखा, उन्हें आने वाली पीढ़ियों द्वारा सम्मान के साथ याद किया जाता है और हम जैसे लोगों द्वारा गहरे स्नेह के साथ, जो उन्हें दोस्त कहने के लिए भाग्यशाली थे. जन्मदिन मुबारक हो, स्मिता. तुम एक ऐसी शख्सियत थी, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button