एजेंसीखेल

‘भारत को अपने शानदार पैरा-एथलीट्स पर बहुत गर्व है’, पीएम मोदी ने पैरा एशियन गेम्स के लिए शुभकामनाएं दीं

जापान के आइची-नागोया में रविवार को आधिकारिक तौर पर ‘एशियन पैरा गेम्स 2026’ की शुरुआत हुई। इन खेलों में भारत के 168 एथलीट्स हिस्सा ले रहे हैं। पीएम मोदी ने भारतीय दल को शुभकामनाएं देते हुए उन पर गर्व जताया है। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “आइची-नागोया में एशियन पैरा गेम्स 2026 की शुरुआत के अवसर पर, मैं भारतीय दल को अपनी शुभकामनाएं देता हूं। भारत को अपने शानदार पैरा-एथलीट्स पर बहुत गर्व है। उनका दृढ़ संकल्प, समर्पण और अदम्य जज्बा 140 करोड़ भारतीयों को प्रेरित करता है। वे पूरे आत्मविश्वास के साथ प्रतिस्पर्धा करें और अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दें।

” वहीं, केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने लिखा, “भारत के पैरा चैंपियन देश का मान बढ़ाने के लिए तैयार हैं। एशियन पैरा गेम्स 2026 के लिए भारतीय दल को बहुत-बहुत शुभकामनाएं।” उद्घाटन समारोह के बाद खेलों की शुरुआत हुई। इस समारोह में पैरा-बैडमिंटन स्टार प्रमोद भगत और पैरा-एथलीट सिमरन शर्मा ने भारतीय ध्वज थाम रखा था। नागोया के पालोमा मिजुहो स्टेडियम में आयोजित इस समारोह में इन दोनों ने भारतीय दल का नेतृत्व किया।

इस दौरान भारतीय दल की पोशाक आकर्षण का केंद्र रही। दल के सदस्यों ने गहरे नीले रंग के ब्लेजर पहने थे, जिन पर सिंधु घाटी सभ्यता से प्रेरित सुनहरे डिजाइन बने हुए थे। इन डिजाइन में ‘प्रीस्ट-किंग की प्रसिद्ध मूर्ति और ‘डांसिंग गर्ल’ की आकृति के साथ-साथ प्राचीन मुहरें भी शामिल थीं, जो उस सभ्यता के विशिष्ट प्रतीकों और लिपि को दर्शाती हैं। एशियन पैरा गेम्स 2026 में 45 देशों के करीब 3,000 एथलीट्स हिस्सा ले रहे हैं। भारत गेम्स के पांचवें संस्करण में कुल 11 खेलों में हिस्सा ले रहा है।

24 अक्टूबर तक चलने वाले इन खेलों का आयोजन 19 स्थानों पर किया जाएगा। भारत जिन 11 खेलों में हिस्सा लेगा, जिनमें एथलेटिक्स, बैडमिंटन, तैराकी, शूटिंग, तीरंदाजी, ब्लाइंड फुटबॉल, टेबल टेनिस, पावरलिफ्टिंग, जूडो, बोच्चिया और साइकिलिंग शामिल हैं। भारतीय दल में सबसे ज्यादा 62 खिलाड़ी पैरा एथलेटिक्स में हैं, जबकि 28 खिलाड़ी बैडमिंटन में भाग लेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button