यूनिकॉर्न से धूल तक? भारत के स्टार्टअप्स को अब हिम्मत की नई परीक्षा
निवेशकों का नया आईना: कहानी से नंबरों तक

पिछले दस–बारह सालों में भारत की स्टार्टअप दुनिया ने जो सफ़र तय किया है, वह किसी फिल्म की कहानी से कम नहीं लगता। कुछ युवाओं ने छोटे‑छोटे गैरेज, हॉस्टल रूम या कोवर्किंग स्पेस से शुरुआत की, और देखते ही देखते उनकी कंपनियों की वैल्यूएशन अरबों डॉलर में पहुँच गई। “यूनिकॉर्न” शब्द रोज़मर्रा की ख़बरों का हिस्सा बन गया जैसे हर महीने कोई नया यूनिकॉर्न पैदा हो रहा हो।
लेकिन अब माहौल बदल चुका है। फ़ंडिंग की रफ़्तार धीमी है, कई हाई‑प्रोफ़ाइल स्टार्टअप्स मुश्किल दौर से गुज़र रहे हैं, और “कागज़ पर अमीर” दिखने वाली कंपनियाँ अपने मॉडल पर दोबारा सोचने के लिए मजबूर हैं। ऐसे में यह सवाल स्वाभाविक है क्या हमारा स्टार्टअप बूम अब ढलान पर है, या यह सिर्फ़ एक ब्रेक है ताकि अगला, ज्यादा मज़बूत और परिपक्व दौर शुरू हो सके?
कोविड से पहले और महामारी के दौरान दुनिया भर में तरलता बढ़ी। सस्ते पैसों का बड़ा हिस्सा नई टेक कंपनियों में लगा। भारत भी उस दौर का बड़ा लाभार्थी रहा। हर दूसरे हफ्ते किसी न किसी फाउंडर के “यूनिकॉर्न क्लब” में दाख़िले की खबरें आती थीं।मीडिया और सोशल मीडिया पर युवाओं के लिए “स्टार्टअप फाउंडर” होना एक सपने जैसा पेशा बन चुका था। फोकस ज़्यादातर तेज़ी से बढ़ने पर था कितने यूज़र जुड़े, कितने शहरों में पहुँचे, कितनी बड़ी टीम बन गई।
यह ऊर्जा ज़रूरी भी थी, क्योंकि लंबे समय तक भारत को सिर्फ़ “बैक ऑफिस” कहकर देखा जाता रहा था। स्टार्टअप्स ने यह धारणा बदली कि भारतीय सिर्फ़ आउटसोर्सिंग नहीं, बल्कि आइडिया, प्रोडक्ट और प्लेटफॉर्म की front row में भी खड़े हो सकते हैं। लेकिन इस तेज़ दौड़ में कुछ बातों को हम अक्सर नज़रअंदाज़ करते गए लाभ की टाइमलाइन, बिज़नेस की बुनियादी सेहत, और गवर्नेंस की मज़बूती।
जैसे ही वैश्विक माहौल बदला ब्याज दरें बढ़ीं, मंदी की आशंकाएँ आईं, और निवेशक ज़्यादा सतर्क हो गए वैसे‑वैसे भारत की स्टार्टअप दुनिया में भी झटके दिखने लगे। कई संकेत साफ़ थे कई कंपनियों की अगली फंडिंग राउंड पिछली वैल्यूएशन से नीचे की शर्तों पर ही हो पाई। घाटे में चलने वाले कई मॉडल, जो सिर्फ़ “बर्न” पर टिके थे, अचानक अस्थिर लगने लगे। एडटेक, क्विक कॉमर्स, कुछ फिनटेक और D2C ब्रांड्स ने बड़े पैमाने पर छंटनी, रीस्ट्रक्चरिंग और pivot की राह पकड़ी।
जिन स्टार्टअप्स को कल तक “डिसरप्टर” बताया जा रहा था, आज वे खुद survival मोड में आ गए। यह सिर्फ़ आर्थिक झटका नहीं था, हज़ारों कर्मचारियों के लिए भावनात्मक और करियर से जुड़ा बड़ा धक्का भी था। लेकिन किसी भी इकोसिस्टम की असली ताकत इस बात से नहीं मापी जाती कि वह उछाल के समय कैसा दिखता है, बल्कि इस बात से कि वह कठिन समय में अपने आपको कैसे संभालता है।
किसी एक कारण पर इल्ज़ाम ठोक देना आसान होगा, लेकिन सच यह है कि खामियाँ कई स्तरों पर थीं कई प्लेटफॉर्म ने शुरुआत में ग्राहकों को भारी ऑफ़र, कैशबैक और डिस्काउंट के ज़रिए जोड़ा। उस समय यह ज़रूरी भी लगा, क्योंकि नए आदतें बनानी थीं।
समस्या यह हुई कि बहुत से यूज़र सिर्फ़ ऑफ़र के लिए आए और जैसे ही छूट कम हुई, वे चले भी गए। असली लॉयल्टी, अच्छे प्रोडक्ट और सर्विस से बनती है, सिर्फ़ पैसे लुटाने से नहीं।
कई कंपनियों की सच्ची कामयाबी इस बात से नापी जाने लगी कि अगला राउंड कितने अरब डॉलर वैल्यूएशन पर उठा। रेवेन्यू, मुनाफा, कैशफ़्लो, यूनिट इकनॉमिक्स जैसी बुनियादी चीज़ें “कभी बाद में देखेंगे” वाली सूची में चली गईं। जब तक दुनिया में पैसा ज़्यादा था, यह कहानी चलती रही। जैसे ही निवेशकों ने कागज़ के नंबरों की बजाय असली सेहत पर सवाल पूछना शुरू किया, कई बिज़नेस मॉडल की कमज़ोरियाँ खुलकर सामने आ गईं।
कई बार हमने विदेशी बाज़ारों के मॉडल को लगभग जस‑का‑तस इंडिया में ट्राई कर दिया। लेकिन भारत की औसत आमदनी, शहर‑गाँव की खाई, डिजिटल इन्फ्रा और भाषा‑संस्कृति को समझे बिना, वही स्पीड, वही टिकट साइज, वही कॉस्ट स्ट्रक्चर यहाँ टिक नहीं सकते थे जहाँ फाउंडर ने स्थानीय नज़र से ढांचा बदला, वहाँ मॉडल बेहतर चला; जहाँ सिर्फ स्लाइड बदलीं और बाकी सब हूबहू रहा, वहाँ दिक्कतें बढ़ीं।
किसी भी उद्यम में पारदर्शिता, मजबूत बोर्ड और साफ़ अकाउंटिंग ज़रूरी होती है। स्टार्टअप्स में कई जगह बोर्ड मीटिंग्स औपचारिक बनकर रह गईं, ESOP, वित्तीय आँकड़े और संबंधित पार्टी ट्रांज़ैक्शन जैसे मुद्दों पर बाद में विवाद खड़े हुए, कुछ मामलों में गलत रिपोर्टिंग या “क्रिएटिव अकाउंटिंग” के आरोप भी लगे इन घटनाओं ने पूरे सेक्टर पर सवाल उठाए, जबकि ग़लती कुछ खिलाड़ियों की थी।
किसी भी व्यव्स्था का स्वाभाविक विकास यह होता है कि शुरुआती “जुनून” के बाद एक चरण आता है जहाँ स्थिरता, नियम और भरोसा बनाना ज़्यादा महत्वपूर्ण हो जाता है। भारत का स्टार्टअप इकोसिस्टम भी अब उसी मोड़ पर खड़ा है। अच्छी बात यह है कि फाउंडर खुद यूनिट इकनॉमिक्स, प्रॉडक्ट‑मार्केट फिट और गुणवत्ता को गंभीरता से ले रहे हैं। “जल्दी से यूनिकॉर्न बनो” की बजाय “टिकाऊ कंपनी बनाओ” वाली सोच चर्चा में है। निवेशक भी सिर्फ़ ग्रोथ चार्ट नहीं, बल्कि गवर्नेंस, टीम की ईमानदारी और स्ट्रेस झेलने की क्षमता देख रहे हैं। यही रेज़िलियंस है तूफ़ान आने पर झुक तो जाना, लेकिन जड़ें इतनी मज़बूत रखना कि उखड़ो नहीं।
भारत जैसी बड़ी और विविध अर्थव्यवस्था में समस्याएँ भी असंख्य हैं, और अवसर भी। अगले दौर की स्टार्टअप कहानियाँ शायद गांवों तक पहुँचने वाली हेल्थ‑टेक, टेलीमेडिसिन और डायग्नोस्टिक सर्विस से आएँगी; छोटे दुकानदार, किसान, ट्रक ड्राइवर, घरेलू कामगार, माइक्रो‑उद्यमी के लिए बने डिजिटल टूल से निकलेंगी; स्किलिंग, मानसिक स्वास्थ्य, किफ़ायती ऋण, सस्ती बीमा, स्थानीय भाषाओं की लर्निंग जैसे क्षेत्रों से जुड़ी होंगी यह वो सेक्टर हैं जहाँ “ग्लैमरस वैल्यूएशन” की बजाय धीरे‑धीरे, पर स्थिर आधार वाले मॉडल बन सकते हैं।
निवेशक भी अब समझ रहे हैं कि FOMO (Fear of Missing Out) में किसी भी “हॉट सेक्टर” पर पैसा फेंकना हमेशा समझदारी नहीं; जो फाउंडर सिर्फ कहानी बेच रहा है, लेकिन नंबर और टीम पर स्पष्ट नहीं, वहां सतर्क रहना बेहतर; वही कंपनी लंबी रेस की घोड़ी बनती है जिसमें फाउंडर ज़मीन से जुड़े हों, टीम को क्रेडिट दें और ग़लती को स्वीकार करने का साहस रखें। नए दौर में निवेशक बोर्ड में सक्रिय भूमिका; गवर्नेंस स्टैंडर्ड और long‑term alignment जैसे मुद्दों पर ज़्यादा ध्यान देंगे यह स्टार्टअप्स के लिए भी अच्छा है, क्योंकि मज़बूत पार्टनरशिप मुश्किल समय में सहारा बनती है।
जो युवा अभी‑अभी कॉलेज से निकलकर या कुछ साल नौकरी करके स्टार्टअप बनाने की सोच रहे हैं, उनके लिए भी ये साल बहुत सीखने वाले हैं आइडिया की चमक से ज़्यादा, execution की बारीकी पर ध्यान दें। शुरू में ही यह सोचे कि आपका मॉडल ग्राहक से सचमुच क्या वसूल सकता है सिर्फ़ फंडिंग पर मत टिके रहें। सही को‑फाउंडर, ईमानदार और विविध टीम, और खुला संवाद—ये सब आपके स्टार्टअप को आंधी‑तूफ़ान से बचाने वाली ढाल हैं।
कर्मचारियों के लिए भी यह समय परिपक्वता का है। केवल ब्रांड नेम देखकर ऑफर पकड़ने की बजाय कंपनी की सेहत, प्रॉडक्ट की ज़रूरत, और नेतृत्व की विश्वसनीयता को भी तौलना होगा। स्टार्टअप में काम करने से जो जिम्मेदारी और सीख मिलती है, वह भविष्य में किसी भी क्षेत्र में आपकी सबसे बड़ी पूंजी हो सकती है।
सरकार और रेगुलेटर की जिम्मेदारी भी कम नहीं। अगले चरण के लिए ज़रूरी होगा कि कर और compliances को समझने‑समझाने में आसानी हो, ताकि छोटे फाउंडर भी बिना डर के व्यवसाय शुरू कर सकें। फिनटेक, हेल्थ‑टेक, एडटेक जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में ग्राहकों की सुरक्षा के साथ‑साथ नवाचार को भी जगह मिले। छोटे शहरों, विश्वविद्यालयों और टियर‑2/3 इंडिया में इनोवेशन हब, इनक्यूबेटर, और seed फंड की पहुँच बढ़े। जब नीति यह संदेश देगी कि “जोखिम उठाओ, लेकिन जिम्मेदारी के साथ”, तभी स्वस्थ इकोसिस्टम बनेगा।



