एजेंसीराज्य

नासिक में सड़क हादसे में पुलिस उपनिरीक्षक की मौत, कई अन्य घायल

महाराष्ट्र के नासिक जिले में सप्तश्रृंगी गढ़ के पास रविवार को हुए सड़क हादसे में नासिक ग्रामीण पुलिस के उपनिरीक्षक विजय बंसिधर गायकवाड़ की मौत हो गई, जबकि पुलिसकर्मियों और श्रद्धालुओं समेत कई अन्य लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। नासिक जिला सूचना कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, सप्तश्रृंगी गढ़ मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने के कारण यातायात और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिसकर्मियों को नंदूरी-अभाणा टी-पॉइंट पर तैनात किया गया था।

इसी दौरान नासिक की ओर से आ रही एक मारुति सियाज कार ने टी-पॉइंट से करीब 500 मीटर पहले स्पीड ब्रेकर के पास एक मोटरसाइकिल सवार को टक्कर मार दी। इसके बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क के गलत हिस्से में चली गई और सामने से आ रहे एक अन्य वाहन से टकरा गई। इसके बाद कार सड़क के बीच में लगाए गए पुलिस बैरिकेड्स से टकरा गई और यातायात ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में 57 वर्षीय उपनिरीक्षक विजय गायकवाड़ गंभीर रूप से घायल हो गए।

उनके ठुड्डी और दोनों पैरों में चोटें आई थीं, जबकि रीढ़ की हड्डी में भी फ्रैक्चर हुआ था। उन्हें अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। हादसे में पुलिस हेड कांस्टेबल सचिन राउत के बाएं पैर में फ्रैक्चर हुआ। वहीं, मुंबई के महापे निवासी 52 वर्षीय श्रद्धालु मोरेश्वर बालू पाटिल के बाएं पैर में भी फ्रैक्चर हुआ है। उनकी पत्नी तेजस्वी और गोपाल एकनाथ सोनावणे को मामूली चोटें आई हैं।

घायलों को पहले वणी के एक अस्पताल में ले जाया गया और बाद में बेहतर इलाज के लिए नासिक स्थानांतरित किया गया। घायल पुलिसकर्मियों का इलाज नासिक के मैग्नम हार्ट इंस्टीट्यूट में चल रहा है। पुलिस अधीक्षक और जिलाधिकारी ने अस्पताल पहुंचकर घायलों के स्वास्थ्य की जानकारी ली। हादसे के लिए जिम्मेदार कार चालक का पता लगाने के लिए पुलिस की दो टीमें गठित की गई हैं। गायकवाड़ नासिक के अडगांव इलाके के निवासी थे और नासिक ग्रामीण पुलिस में तैनात थे। उनकी मौत से पुलिस विभाग में शोक की लहर है। उनका अंतिम संस्कार नासिक शहर में किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button