एजेंसीक्राइम

बिहार मोतिहारी में सामूहिक दुष्कर्म मामले का खुलासा, 8 आरोपी गिरफ्तार

बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में एक दंपति को सुनसान रास्ते पर रोककर मारपीट करने और महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए महज कुछ घंटे के भीतर घटना का खुलासा कर आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार सभी आरोपी एक ही गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

पुलिस ने आरोपियों के पास से आठ मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। फिलहाल सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को बताया कि 18 अक्टूबर की सुबह सूचना मिली कि श्यामपुर भटहां थाना क्षेत्र के भटहां गांव के पास कुछ युवकों ने एक दंपति को सुनसान रास्ते पर रोक लिया। आरोपियों ने पहले उनके साथ मारपीट की। इसके बाद महिला को जबरन अपने साथ ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। घटना का स्थल पूर्वी चंपारण जिले के मधुबन थाना क्षेत्र के अंतर्गत बंजरिया सरेह स्थित एक बगीचा बताया गया है, जो लालगढ़ जिम्मी सिंह टोला के समीप है।

घटनास्थल से संबंधित सूचना मिलने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर मधुबन थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। इस दौरान शिवहर जिले की श्यामपुर भटहां थाना पुलिस का भी सहयोग लिया गया। दोनों थानों की पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में मामले का उद्भेदन कर दिया और घटना में कथित रूप से शामिल आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने बताया कि पीड़िता के बयान के आधार पर मधुबन थाना कांड संख्या 363/26 दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों से घटना के संबंध में पूछताछ की जा रही है। पुलिस बरामद मोबाइल फोन की भी जांच कर रही है, ताकि मामले से जुड़े अन्य तथ्यों का पता लगाया जा सके। पुलिस के मुताबिक, मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button