एजेंसीराजनीतिराज्य

अखिलेश यादव को अब आई आजम खान की याद, मुस्लिम वोट की राजनीति कर रहे हैं वारिस पठान

एआईएमआईएम के नेता वारिस पठान ने उत्तर प्रदेश में आगामी चुनावों की तैयारियों, आजम खान से अखिलेश यादव की मुलाकात, मराठा आंदोलन से जुड़े मनोज जरांगे के आरोपों, टाइगर श्रॉफ पर हुई फायरिंग और शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत के बयान पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने अखिलेश यादव पर मुस्लिम मतदाताओं को लेकर राजनीति करने का आरोप लगाया। वहीं, उन्होंने जरांगे के आरोपों की गंभीर जांच कराने और मुंबई में फायरिंग की घटनाओं पर सख्त कार्रवाई की मांग की।

उत्तर प्रदेश में चुनावी तैयारियों को लेकर वारिस पठान ने कहा कि एआईएमआईएम की सभाओं में बड़ी संख्या में लोग शामिल हो रहे हैं और पार्टी अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी को जनता का समर्थन मिल रहा है। उन्होंने दावा किया कि पार्टी को चुनाव में अच्छी सफलता मिलेगी। अखिलेश यादव के आजम खान से मिलने पर सवाल उठाते हुए पठान ने कहा कि एआईएमआईएम पहले से आजम खान के समर्थन में बात कर रही थी, लेकिन अखिलेश यादव को उनकी याद अब आई है।

उन्होंने सवाल किया कि सपा प्रमुख अब तक कहां थे और जेल में बंद आजम खान से मिलने में इतनी देर क्यों हुई। अखिलेश यादव मुस्लिम वोटों को ध्यान में रखकर आजम खान से मिलने पहुंचे हैं। मुस्लिम समाज समझदार है और उसे कम करके नहीं आंकना चाहिए।

उन्होंने कहा कि एआईएमआईएम उत्तर प्रदेश में मुस्लिम समाज के सशक्तीकरण और राजनीतिक हिस्सेदारी के लिए काम कर रही है। समाजवादी पार्टी के कई विधायक और सांसद होने के बावजूद राज्य में मुस्लिम समुदाय से जुड़े मुद्दों पर पर्याप्त आवाज नहीं उठाई जाती। उनकी पार्टी ऐसे प्रतिनिधियों को विधानसभा में भेजना चाहती है, जो न्याय और अधिकारों की लड़ाई लड़ें।

मनोज जरांगे द्वारा लगाए गए आरोपों पर वारिस पठान ने इसे गंभीर मामला बताया। उन्होंने कहा कि सरकार को आरोपों की पूरी गंभीरता से जांच करानी चाहिए और जांच में जो तथ्य सामने आएं, उन्हें सार्वजनिक किया जाना चाहिए। आरोप सही हैं या गलत, इसका निर्णय जांच के बाद ही हो सकता है। मामले में जो भी लोग शामिल पाए जाएं, उनके खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए और पूरी प्रक्रिया पारदर्शी रखी जाए।

अमित शाह को लेकर संजय राउत के बयान पर पठान ने कहा कि इस टिप्पणी के पीछे क्या मंशा थी, इसका जवाब संजय राउत से ही पूछा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि उन्हें इस मामले में ज्यादा जानकारी नहीं है। टाइगर श्रॉफ से जुड़े फायरिंग मामले पर वारिस पठान ने मुंबई पुलिस से सख्त कार्रवाई करने की मांग की।

उन्होंने मुंबई पुलिस की क्षमता का उल्लेख करते हुए कहा कि यदि पुलिस दृढ़ता से कार्रवाई करे तो ऐसी गतिविधियों पर रोक लगाई जा सकती है। पठान ने 1980 और 1990 के दशक का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय भी इस तरह की घटनाएं होती थीं, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई करके अपराधियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए थे।

उन्होंने चिंता जताई कि मुंबई में दिनदहाड़े फायरिंग की घटनाएं फिर से दहशत का माहौल बना रही हैं। उन्होंने टाइगर श्रॉफ से जुड़े मामले के साथ सलमान खान के घर के बाहर हुई घटना और बाबा सिद्दीकी की हत्या का भी उल्लेख किया। पठान ने सवाल उठाया कि यदि पुलिस को आरोपियों और उनके इरादों के बारे में जानकारी है तो कार्रवाई में देरी क्यों हो रही है।

उन्होंने कहा कि जब फिल्मी सितारे भी सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे तो आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है। पठान ने महाराष्ट्र सरकार और मुंबई पुलिस से ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने की मांग की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button