अर्थव्यवस्थाआईएएनएसराष्ट्रीय

देश की जीडीपी में एमएसएमई का 30 प्रतिशत से ज्यादा योगदान जीतनराम मांझी

भारत का एमएसएमई सेक्टर देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ बना हुआ है। केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी ने कहा कि 10.19 करोड़ से ज्यादा उद्यमों वाला भारतीय एमएसएमई सेक्टर 40 करोड़ से ज्यादा लोगों को रोजगार दे रहा है, जीडीपी में 30 प्रतिशत से ज्यादा योगदान दे रहा है और भारत से कुल निर्यात में 45 प्रतिशत से ज्यादा हिस्सा इसी सेक्टर का है।

उन्होंने भारतीय अर्थव्यवस्था के विकास में एमएसएमई सेक्टर द्वारा निभाई गई महत्वपूर्ण भूमिका का जिक्र किया। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि एमएसएमई न केवल रोजगार के बड़े अवसर प्रदान करते हैं बल्कि ग्रामीण और पिछड़े इलाकों के औद्योगीकरण में भी मदद करते हैं। बता दें कि केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय (एमएसएमई) द्वारा आयोजित छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय एससी-एसटी हब (एनएसएसएच) कॉन्क्लेव में बोल रहे थे।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ वन और खनिज आधारित उद्योगों के विकास के लिए पर्याप्त अवसर प्रदान करता है और एमएसएमई मंत्रालय इन इकाइयों को फलने-फूलने के लिए आवश्यक सहायता प्रदान करने के लिए कई उपाय कर रहा है। उन्होंने एमएसएमई सेक्टर को सशक्त बेनाने के लिए विभिन्न योजनाओं पर प्रकाश डाला और कहा कि यह कॉन्क्लेव एससी-एसटी उद्यमियों को नए विचारों को तलाशने, आपसी व्यापारिक अवसरों और इन योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने में मदद करेगा।

जीतनराम मांझी ने प्रधानमंत्री के ‘विकसित भारत 2047’ के सपने को साकार करने और राज्य के लोगों के समावेशी विकास के लिए केंद्र और राज्य सरकारों के बीच करीबी समन्वय के साथ काम करने के महत्व का भी जिक्र किया। उन्होंने प्रतिभागियों खासकर युवाओं से केंद्र और राज्य सरकारों द्वारा दी जा रही विभिन्न योजनाओं का पूरा लाभ उठाने और आत्मनिर्भरता और विकास के लिए उद्यमिता को अपनाने का आग्रह किया। राज्य के वाणिज्य और उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि राज्य सरकार एससी और एसटी समुदायों के उद्यमियों को बढ़ावा देने और औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन में तेजी लाने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने बताया कि पिछले तीन वर्षों में छत्तीसगढ़ में 3,971 नए उद्योग स्थापित किए गए हैं, जिससे 54,000 से अधिक लोगों के लिए रोजगार के अवसर पैदा हुए हैं। कॉन्क्लेव के दौरान सफल लाभार्थियों ने अपने अनुभव साझा किए और सफल उद्यमी बनने की अपनी यात्रा में राष्ट्रीय एससी-एसटी हब और अन्य सरकारी पहलों द्वारा निभाई गई भूमिका पर प्रकाश डाला।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button