आईएएनएसराजनीति

तमिलनाडु डीवीएसी अधिकारियों ने पूर्व मंत्री केएन नेहरू के आवास पर अचानक मारा छापा

तमिलनाडु के पूर्व मंत्री और डीएमके नेता केएन नेहरू के खिलाफ सतर्कता और भ्रष्टाचार निरोधक विभाग (डीवीएसी) ने बड़ी कार्रवाई की है। गुरुवार सुबह डीवीएसी की टीम ने तिरुचिरापल्ली के थिल्लई नगर में केएन नेहरू के आवास पर छापा मारा। शुरुआती जानकारी के अनुसार, यह छापेमारी नगर प्रशासन और जल आपूर्ति विभाग में कर्मचारियों की भर्ती में हुई अनियमितताओं के आरोपों के संबंध में की जा रही है।

इसमें लगभग 634 करोड़ रुपए की रिश्वत लेने का आरोप है। बताया गया कि गुरुवार सुबह तीन बोलेरो गाड़ियों में आए सतर्कता और भ्रष्टाचार निरोधक विभाग के 15 से अधिक अधिकारियों ने थिल्लई नगर में केएन नेहरू के आवास और कार्यालय परिसर पर दबिश दी। इसके बाद आवास के अंदर गहन तलाशी शुरू की गई।

सुरक्षा के लिहाज से घर के प्रवेश द्वार पर अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया। गौरतलब है कि केएन नेहरू के छोटे भाई रविचंद्रन के बेटे की अगले कुछ दिनों में शादी होनी है, जिसकी तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। इन तैयारियों के बीच, डीवीएसी की अचानक हुई इस छापेमारी से राजनीतिक हलकों में खलबली मच गई है। शादी समारोह से कुछ दिन पहले हुई इस कार्रवाई से परिवार के सदस्यों और रिश्तेदारों में काफी सदमा और परेशानी देखी जा रही है।

अधिकारी अभी भी दस्तावेजों की जांच कर रहे हैं और सबूतों का सत्यापन कर रहे हैं। तलाशी पूरी होने के बाद जब्त की गई चीजों और मामले से जुड़ी अन्य जानकारियों के बारे में आधिकारिक सूचना जारी की जा सकती है। इससे पहले, 5 सितंबर को भी डीवीएसी अधिकारियों ने डीएमके विधायक और पूर्व मंत्री केएन नेहरू व उनके भाई रविचंद्रन से जुड़ी 19 जगहों पर तलाशी ली थी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button