आईएएनएसराज्य

कटिहार में पप्पू यादव की एस्कॉर्ट गाड़ी का एक्सीडेंट, पांच लोग घायल, सांसद सुरक्षित

बिहार के कटिहार जिले में रविवार देर रात पूर्णिया के निर्दलीय सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव के काफिले के साथ बड़ा सड़क हादसा हो गया। कटिहार से सालमारी जाने के दौरान काफिले में शामिल कटिहार पुलिस की एस्कॉर्ट गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी। इस दुर्घटना में पांच लोग घायल हो गए। हालांकि, सांसद पप्पू यादव पूरी तरह सुरक्षित हैं।

हादसे के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार, पप्पू यादव पूर्णिया से सालमारी में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान बेलोरी-सन्हौली-सालमारी मुख्य सड़क पर कुम्हरी के पास निर्माणाधीन पुल के समीप उनके काफिले के आगे चल रही पुलिस की एस्कॉर्ट गाड़ी अचानक अनियंत्रित हो गई।

चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिसके बाद गाड़ी सड़क किनारे स्थित गड्ढे में जा गिरी। हादसे के समय एस्कॉर्ट वाहन में सुरक्षाकर्मी सवार थे। दुर्घटना में पांच लोगों को चोटें आई हैं।

घटना के बाद घायलों को तत्काल इलाज के लिए भेजा गया। फिलहाल, एस्कॉर्ट गाड़ी के अनियंत्रित होने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। निर्माणाधीन पुल के पास सड़क की स्थिति या किसी अन्य वजह से हादसा हुआ, इसकी जानकारी सामने आनी बाकी है। दुर्घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार दुर्घटना में पांच लोगों को चोटें आई हैं। किसी के गर्दन, किसी के माथे तो किसी के पीठ में चोट लगी है। सभी घायलों को उचित इलाज के लिए भेजा गया है। हादसे की सूचना मिलने पर स्थानीय लोग एकत्रित हो गए और लोक निर्माण विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है।

लोगों ने कहा कि सड़क निर्माण कर रही ठेकेदार कंपनी और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों की उदासीनता के कारण एस्कॉर्ट गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हुई। उन्होंने कहा कि हादसे वाली जगह पर न तो चेतावनी बोर्ड लगाया गया था और न ही उचित डायवर्जन की व्यवस्था थी। सड़क पर दूर तक सुरक्षा संकेत या अवरोधक भी नहीं लगाए गए थे। पुल के आगे गहरी खाई होने के बावजूद सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button