राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति भवन में देखी फिल्म ‘तन्वी द ग्रेट’, 18 जुलाई को होगी रिलीज़
राष्ट्रपति ने की सराहना

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने रविवार को राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक विशेष स्क्रीनिंग में बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘तन्वी द ग्रेट’ को देखा। इस अवसर पर फिल्म की स्टार कास्ट भी उनके साथ मौजूद रही। यह फिल्म 18 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज़ होने जा रही है।’तन्वी द ग्रेट’ की विशेष स्क्रीनिंग राष्ट्रपति भवन के प्रेक्षागृह (Auditorium) में की गई, जहां राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने फिल्म का अवलोकन किया। उनके साथ अनुपम खेर, बोमन ईरानी, करन टैकर और फिल्म से जुड़ी अन्य प्रमुख हस्तियां भी उपस्थित थीं।
राष्ट्रपति भवन में फिल्म की स्क्रीनिंग एक असाधारण सम्मान मानी जाती है, जो दर्शाता है कि यह फिल्म न केवल मनोरंजन के लिहाज से बल्कि सामाजिक और प्रेरणादायक संदेश देने के लिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
फिल्म में अनुपम खेर, बोमन ईरानी और करण टैकर जैसे बेहतरीन कलाकार मुख्य भूमिकाओं में हैं। फिल्म की कहानी, अभिनय, और भावनात्मक गहराई ने राष्ट्रपति और उपस्थित दर्शकों को प्रभावित किया।बताया जा रहा है कि फिल्म एक प्रेरणादायक सामाजिक संदेश देती है, जिसमें एक युवा लड़की के संघर्ष, आत्मविश्वास और असाधारण उपलब्धियों को दर्शाया गया है।
फिल्म देखने के बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कलाकारों और निर्देशक को बधाई दी। उन्होंने फिल्म की सामाजिक प्रासंगिकता, सशक्त अभिनय और भावनात्मक प्रस्तुति की सराहना की। सूत्रों के अनुसार, राष्ट्रपति ने कहा कि इस तरह की फिल्में समाज को प्रेरित करने का कार्य करती हैं और विशेष रूप से युवाओं और महिलाओं के लिए प्रेरणास्रोत बन सकती हैं।
‘तन्वी द ग्रेट’ अब 18 जुलाई 2025 को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज़ की जाएगी। फिल्म के निर्माताओं को उम्मीद है कि यह न केवल बॉक्स ऑफिस पर सफल होगी बल्कि दर्शकों के दिलों को भी छू जाएगी।