रेखा गुप्ता ने दिल्ली में सरकार बनाने का दावा पेश किया, कल लेंगी मुख्यमंत्री पद की शपथ
रामलीला मैदान में होगा शपथ ग्रहण समारोह

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की वरिष्ठ नेता रेखा गुप्ता ने बुधवार को पार्टी के नवनिर्वाचित विधायकों के नेता के रूप में चुने जाने के बाद दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना से मुलाकात की और राजधानी में सरकार बनाने का दावा पेश किया।
रेखा गुप्ता कल रामलीला मैदान में आयोजित एक भव्य समारोह में दिल्ली की मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगी। वह इस पद को संभालने वाली दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री बनेंगी। उनके शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के कई शीर्ष नेता मौजूद रहेंगे।
रेखा गुप्ता ने उपराज्यपाल से मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में कहा, “मैं पार्टी नेतृत्व का धन्यवाद करती हूं जिन्होंने मुझे इस जिम्मेदारी के काबिल समझा। दिल्ली के लोगों ने भाजपा को बहुमत दिया है और हम राजधानी के विकास के लिए पूरी निष्ठा से काम करेंगे।”
भाजपा सूत्रों के मुताबिक, रेखा गुप्ता के नेतृत्व में पार्टी सरकार बनाने के लिए पूरी तरह तैयार है। रेखा गुप्ता ने यह भी आश्वासन दिया कि उनकी सरकार पारदर्शिता और जनता की भलाई को प्राथमिकता देगी। उन्होंने कहा, “हमारी प्राथमिकता शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सुरक्षा और पर्यावरण जैसे अहम मुद्दों पर काम करना होगा।”
रेखा गुप्ता के राजनीतिक सफर पर नजर डालें तो वह लंबे समय से भाजपा से जुड़ी रही हैं और पार्टी के संगठनात्मक ढांचे में कई अहम जिम्मेदारियां निभा चुकी हैं। दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (DUSU) की पूर्व अध्यक्ष रह चुकी रेखा गुप्ता ने शिक्षा और महिला सशक्तिकरण के मुद्दों पर लगातार काम किया है।
उनके मुख्यमंत्री बनने से न केवल भाजपा में महिलाओं की भागीदारी को बल मिलेगा बल्कि दिल्ली की राजनीति में भी एक नया इतिहास रचा जाएगा।शपथ ग्रहण समारोह के लिए रामलीला मैदान में भव्य तैयारियां चल रही हैं। सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक कार्यक्रम में शामिल होने की उम्मीद कर रहे हैं।