ट्रंप के नेतृत्व में अमेरिका रचेगा नया इतिहास मिलर का दावा

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के वरिष्ठ सहयोगी स्टीफन मिलर को पूरा भरोसा है कि ट्रंप के नेतृत्व में देश के अगले दो साल असाधारण रहने वाले हैं। उनके अनुसार ये इतिहास के सबसे महान वर्ष साबित होंगे। उन्होंने प्रशासन की उपलब्धियों का हवाला देते हुए कहा कि सरकार ने आव्रजन, ऊर्जा, व्यापार और नियमन जैसे क्षेत्रों में बड़े बदलाव किए हैं। शुक्रवार को व्हाइट हाउस में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में मिलर ने कहा, “राष्ट्रपति ट्रंप के नेतृत्व में अगले दो साल अमेरिकी इतिहास के सबसे शानदार दो साल होंगे।’
उन्होंने कहा कि उनकी जिम्मेदारी राष्ट्रपति की ओर से व्हाइट हाउस के कर्मचारियों के कामकाज की निगरानी करना और प्रशासन के एजेंडे को ट्रंप के कार्यकाल के दूसरे हिस्से में आगे बढ़ाना है। मिलर ने प्रशासन की उपलब्धियां गिनाते हुए सबसे पहले सरकारी नियमन (टाइम टेबल) का उल्लेख किया। उन्होंने दावा किया कि प्रशासन ने प्रत्येक नए संघीय नियमन के मुकाबले 10 पुराने नियमन समाप्त किए हैं। उनके मुताबिक, ट्रंप ऐसे पहले राष्ट्रपति हैं जिन्होंने सरकारी नियमन की कुल संख्या में कमी की है।
आव्रजन के मुद्दे पर मिलर ने अमेरिका की दक्षिणी सीमा को पूरी तरह सुरक्षित करने और रिकॉर्ड संख्या में निर्वासन का दावा किया। उन्होंने कहा कि ट्रंप प्रशासन ने संघीय कानून प्रवर्तन एजेंसियों को फिर से मजबूत किया है और मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले गिरोहों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। अर्थव्यवस्था और ऊर्जा क्षेत्र का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि अमेरिका में जीवाश्म ईंधन (फोसिल फ्यूल) और कोयले का उत्पादन रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा है। उन्होंने अमेरिकी सेना को मजबूत करने, व्यापारिक संबंधों में बदलाव और वेतन वृद्धि को भी प्रशासन की उपलब्धियों में शामिल किया। हालांकि, इन दावों के समर्थन में उन्होंने कोई विशिष्ट आंकड़ा प्रस्तुत नहीं किया।
विदेश नीति के मोर्चे पर मिलर ने रूस और चीन के साथ संबंधों का उल्लेख किया। उन्होंने ट्रंप की रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ हालिया मुलाकातों को अमेरिका की विदेश नीति में व्यापक बदलाव का हिस्सा बताया। हालांकि, उन्होंने अगले दो वर्षों के लिए किसी विशेष कूटनीतिक समझौते या पहल की समयसीमा नहीं बताई। इससे पहले ट्रंप ने मध्यावधि चुनावों के बाद डेमोक्रेटिक नेताओं के साथ स्वास्थ्य सेवाओं और आव्रजन जैसे मुद्दों पर संभावित सहमति की बात कही थी।
उन्होंने संकेत दिया कि स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर दोनों पक्षों के बीच समझौते की गुंजाइश है। इसके अलावा, उन्होंने उन प्रवासियों की स्थिति पर भी चर्चा की संभावना जताई जो कई साल पहले अवैध रूप से अमेरिका आए थे और तब से वहां काम कर रहे हैं। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एक दिलचस्प क्षण तब आया जब ट्रंप ने मिलर को अपने पास बुलाया और उनकी तारीफ की। मिलर ने कहा कि पिछले दो वर्षों में ट्रंप ने जो किया है, वैसा किसी अन्य राष्ट्रपति ने नहीं किया। इस पर ट्रंप ने उनसे मजाकिया अंदाज में पूछा, “क्या आप राष्ट्रपति पद का चुनाव लड़ना चाहते हैं?” मिलर ने इस सवाल का सार्वजनिक रूप से कोई जवाब नहीं दिया। बाद में ट्रंप ने उनके लंबे अनुभव और आव्रजन नीति पर उनकी भूमिका की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनमें काफी प्रतिभा है और उनका दिल भी बड़ा है।



