बीमा लक्ष्मी: महिलाओं को अपना भविष्य सुरक्षित रखने का मौका
एक नई उम्मीद: बीमा का दायरा और भरोसा

आर्थिक असमानता और असुरक्षा में जूझते भारत के करोड़ों परिवारों के लिए बीमा सिर्फ़ एक कागज़ी दस्तावेज़ नहीं बल्कि जीवन की मुश्किल घड़ी में सहारा बन सकता है। जब एलआईसी अपने दो नए प्लान ‘जन सुरक्षा’ और ‘बीमा लक्ष्मी’ को लेकर आई, तो इसके केंद्र में उन्हीं वर्गों की चिंता थी जिन तक बीमा अक्सर नहीं पहुँच पाता। सवाल बस यही था क्या ये योजनाएँ वाकई ज़रूरतमंद, कमआय वर्ग और महिलाओं की ज़िंदगी में बदलाव ला पाएंगी?
यह प्लान खासतौर पर उन लोगों के लिए बनाया गया है, जिनकी कमाई अनिश्चित है या जो अब तक बीमा जैसी सुविधा से वंचित थे। इसमें न्यूनतम एक लाख और अधिकतम दो लाख रुपये तक की बीमा राशि है जिससे छोटे व्यापारी, असंगठित मज़दूर, या घरेलू कर्मचारी भी इसका लाभ उठा सकते हैं। प्रीमियम भरने के लिए आसान विकल्प दिए गए हैं चाहे आप साल में एक बार दें, तिमाही, या महीने। सबसे खास तीन साल लगातार प्रीमियम देने के बाद ऑटो कवर मिलता है, यानी मुश्किल समय में भी पॉलिसी बेअसर नहीं होगी। हर साल प्रीमियम का सात फीसदी बतौर गारंटीड एडिशन जुड़ता रहेगा, जिससे मैच्योरिटी या क्लेम के वक्त जमा राशि बेहतर हो जाती है।
यह योजना पूरी तरह महिलाओं के नाम है। इसकी संरचना इस सोच के साथ की गई है कि महिलाओं को आर्थिक स्वतंत्रता, निवेश और परिवार की सुरक्षा तीनों का विकल्प एक साथ मिले। 2 लाख से शुरू हो कर अधिकतम राशि का कोई बंधन नहीं। 15–25 साल की अवधि और 7–15 साल की प्रीमियम पेमेंट टर्म का लचीलापन, जिससे गृहिणी, स्वरोजगार या कमाई करने वाली महिलाएँ अपनी ज़रूरत के अनुसार प्लान चुन सकती हैं। 4 वर्षों पर कैशबैक, हर साल गारंटीड एडिशन और क्रिटिकल इल्लनेस राइडर का विकल्प यानी पैसे की ज़रूरत पर बीच में सहायता और चिकित्सा सुरक्षा दोनों। टैक्स छूट और सम–समय पर मिलने वाले लाभ महिलाओं को निवेश और भविष्य के फैसलों के लिए अधिक ताक़तवर बनाते हैं।
भारत में बीमा के क्षेत्र में बहुत बड़ा हिस्सा अब भी पूरी तरह कवर नहीं है गांव–कस्बों, छोटे मकान मालिकों, सफाईकर्मियों, ठेलेवालों, और घरेलू सहायिकाओं तक बीमा शायद ही पहुँचा हो। महिलाएँ अकसर आर्थिक फैसलों में किनारे रह जाती हैं या उनके नाम पर निवेश दुर्लभ है। यह दोनों योजनाएँ उन्हीं सामाजिक हाशिए पर खड़े परिवारों, महिलाओं और असुरक्षित तबकों को ध्यान में रखते हुए बनाई गई हैं। लचीलापन, प्रीमियम का बोझ कम, न्यूनतम मेडिकल जांच, सहज दस्तावेज़ ये सारे फीचर इन्हें वास्तव में ‘पहुंच योग्य’ बनाते हैं।
असंगठित क्षेत्रों की आमदनी अक्सर इतनी छितरी रहती है कि बीमा प्रीमियम कई बार नियमित नहीं हो पाता। महिलाओं की वित्तीय आज़ादी का सामाजिक दायरा कम होने से उनके नाम पर पॉलिसी लेना आसान नहीं। कई लोग अब भी बीमा की भाषा, ड्राफ्ट और शर्तें नहीं समझ पाते सही समय पर क्लेम या फंड मिलने में दिक्कत आती है। अधिकतम दो लाख का बीमा शहरी मध्यवर्ग या उच्च महंगाई के संदर्भ में सीमित लग सकता है; वहीं वर्ष दर वर्ष महंगाई दर के हिसाब से रिटर्न बहुत आकर्षक नहीं। एजेंट आधारित जागरूकता या प्रचार के कारण बिरले ही सही सूचना सभी ग्रामीण या वंचित तक पहुँचती है।
पिछले कुछ वर्षों की योजनाएँ बताती हैं कि बीमा, यदि सही माध्यम, जागरूकता, और आसान शर्तों के साथ हो, तो यह सामाजिक सुरक्षा की बुनियाद बन सकती है। प्रधानमंत्री बीमा जैसी सरकारी योजनाओं ने करोड़ों गरीब परिवारों को एक बड़े आर्थिक संकट के समय डूबने से बचाया है। लेकिन इनमें भी प्रीमियम और परिचय की कमी, सही क्लेम प्रक्रिया की जानकारी न होना, परिवार के मुखिया तक सुविधा सीमित रहना जैसी समस्याएँ बनीं रही हैं।
इसलिए, जन सुरक्षा और बीमा लक्ष्मी जैसी पहल तभी वास्तव में सफल होंगी, जब बीमा एजेंटों का नेटवर्क महिलाओं और गरीबों तक पहुंचे, ग्रामीण–शहरी दोनों स्तरों पर वित्तीय साक्षरता अभियान चलाए जाएँ, मोबाइल, डिजिटल पेमेंट से प्रीमियम और क्लेम प्रक्रिया और आसान बने, सरकारी व गैर सरकारी संस्थाओं से मिलकर जागरूकता बढ़ाई जाए।
बीमा का असली मतलब केवल सुरक्षा नहीं, आत्मसम्मान और आत्मनिर्भरता है। एलआईसी की नई योजनाएँ ‘जन सुरक्षा’ और ‘बीमा लक्ष्मी’ यह संदेश देती हैं कि बीमा अब शहरों और नौकरी वाले तक सीमित न रह कर, गाँव, घर और हर माँ–बहन–बहू के नाम भी हो सकता है।



