अंतरराष्ट्रीयआईएएनएस

ऑस्ट्रिया के राष्ट्रीय दिवस पर सिबी जॉर्ज ने भारत का प्रतिनिधित्व किया, व्यापार-निवेश बढ़ाने पर जोर

भारत ने सोमवार को एक बार फिर ऑस्ट्रिया के साथ अपने संबंधों को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता जताई। दोनों देशों ने व्यापार, निवेश, रक्षा, प्रौद्योगिकी, नवाचार और लोगों के बीच आपसी संपर्क जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने की इच्छा व्यक्त की है। विदेश मंत्रालय (एमईए) में पश्चिम मामलों के सचिव सिबी जॉर्ज ने ऑस्ट्रिया के राष्ट्रीय दिवस समारोह में भारत की ओर से मुख्य अतिथि के रूप में हिस्सा लिया। इस अवसर पर उन्होंने ऑस्ट्रिया की सरकार और वहां के लोगों को भारत की ओर से शुभकामनाएं दीं।

विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्‍स’ पर कहा कि सिबी जॉर्ज ने राष्ट्रीय दिवस समारोह में भारत का प्रतिनिधित्व किया और भारत-ऑस्ट्रिया संबंधों को और मजबूत बनाने की भारत की प्रतिबद्धता दोहराई। मंत्रालय के अनुसार, हाल के उच्चस्तरीय संपर्कों से मिले सकारात्मक माहौल को आगे बढ़ाते हुए दोनों देश अब व्यापार, निवेश, रक्षा, तकनीक, नवाचार और लोगों के बीच आदान-प्रदान के क्षेत्रों में सहयोग का दायरा बढ़ाने के इच्छुक हैं।

इसी बीच, ऑस्ट्रिया की यूरोपीय और अंतरराष्ट्रीय मामलों की मंत्री बीटे मीनिल-रीसिंगर 27 अक्टूबर से 2 नवंबर तक भारत की आधिकारिक यात्रा पर रहेंगी। विदेश मंत्रालय ने सोमवार को इसकी घोषणा की। अपने दौरे के दौरान वह बुधवार को नई दिल्ली के हैदराबाद हाउस में विदेश मंत्री एस. जयशंकर से मुलाकात करेंगी और द्विपक्षीय मुद्दों पर चर्चा करेंगी।

नई दिल्ली में कार्यक्रमों के बाद वह 29 अक्टूबर से 2 नवंबर तक जयपुर में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में भी भाग लेंगी। सोमवार को ही विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने ऑस्ट्रिया के राष्ट्रीय दिवस पर बीटे मीनिल-रीसिंगर, ऑस्ट्रियाई सरकार और वहां के नागरिकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि भारत और ऑस्ट्रिया के बीच मौजूदा मजबूत साझेदारी को और आगे बढ़ाने के लिए भारत पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

इससे पहले 6 अक्टूबर को सिबी जॉर्ज ने ऑस्ट्रिया के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार पीटर वोरहोफर से मुलाकात की थी। इस बैठक में दोनों पक्षों ने सुरक्षा और रणनीतिक मामलों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की थी। बैठक में आतंकवाद-रोधी सहयोग को मजबूत करने के अलावा क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया गया था।

हाल के वर्षों में भारत और ऑस्ट्रिया के बीच लगातार बढ़ते राजनीतिक और रणनीतिक संपर्कों ने द्विपक्षीय संबंधों को नई गति दी है। दोनों देश अब आर्थिक, तकनीकी और सुरक्षा सहयोग को और व्यापक बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button