आईएएनएससंस्कृति

दीपोत्सव का गौरवशाली दशक अयोध्या की सांस्कृतिक पहचान की पुनर्स्थापना का साक्षी मुख्यमंत्री योगी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या में दीपोत्सव को लेकर कहा कि यह गौरवशाली दशक उस ऐतिहासिक संकल्प की सिद्धि का साक्षी है, जिसने सदियों की प्रतीक्षा को भव्य यथार्थ में बदलते हुए अयोध्या को उसकी सांस्कृतिक पहचान और गौरव के साथ पुनः प्रतिष्ठित किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार सुबह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “वर्ष 2017 में पुण्यसलिला सरयू के तट पर प्रज्वलित संकल्प की एक लौ ने आज भारत के सांस्कृतिक गौरव को वैश्विक पटल पर नई पहचान और प्रतिष्ठा प्रदान की है।”

उन्होंने लिखा, “श्री अयोध्या धाम में दीपोत्सव का यह ऐतिहासिक दशक केवल दीपों की जगमगाहट और विश्व कीर्तिमानों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि प्रभु श्री राम की नगरी के त्रेतायुगीन वैभव, सनातन संस्कृति के पुनर्जागरण और राष्ट्र के आत्मगौरव की पुनर्स्थापना का स्वर्णिम अध्याय बना है। राम की पैड़ी पर प्रज्वलित लाखों दीपों ने अंधकार को दूर करने के साथ आस्था, अंत्योदय और स्थानीय स्वावलंबन की नई ज्योति भी प्रज्वलित की है।”

मुख्यमंत्री ने ‘एक्स’ पोस्ट में कहा, “यह गौरवशाली दशक उस ऐतिहासिक संकल्प की सिद्धि का साक्षी है, जिसने सदियों की प्रतीक्षा को भव्य यथार्थ में बदलते हुए अयोध्या को उसकी सांस्कृतिक पहचान और गौरव के साथ पुनः प्रतिष्ठित किया।” उन्होंने आगे लिखा, “दीपोत्सव के इस गौरवशाली 10वें संस्करण पर आइए, हम सब प्रभु श्री राम के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करें। ऐसा रामराज्य, जहां विकास का प्रकाश समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के जीवन तक पहुंचे और आस्था, समरसता और सेवा की यह सनातन ज्योति युगों-युगों तक आलोकित होती रहे।”

बता दें कि 10वें दीपोत्सव के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दो दिन (शनिवार-रविवार) को अयोध्या में रहेंगे। इस दौरान वह भगवान श्रीराम के स्वागत से लेकर राजतिलक, सरयू आरती और दीप प्रज्ज्वलन सहित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। सीएम की मौजूदगी में रामनगरी में परंपरा, आस्था और आधुनिक तकनीक का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। राम की पैड़ी पर दीपों की रोशनी के साथ प्रोजेक्शन मैपिंग, लेजर और ड्रोन शो आकर्षण का केंद्र होंगे।

प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दोपहर करीब 2.40 बजे रामकथा पार्क के पास बने हेलीपैड पर पहुंचेंगे। यहां से वह दीपोत्सव की भव्य झांकियों का अवलोकन करेंगे और रथ खींचने के कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद हेलीकॉप्टर से भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण के स्वरूपों के साथ अयोध्या के ऊपर पुष्पवर्षा करेंगे। इसके बाद भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण के स्वरूपों का राजतिलक किया जाएगा।

मुख्यमंत्री रामकथा पार्क में आयोजित कार्यक्रम में संत-महात्माओं, आमजन और श्रद्धालुओं के बीच पहुंचकर जनसभा को संबोधित करेंगे। रामकथा पार्क से मुख्यमंत्री सीधे राम की पैड़ी पहुंचेंगे। यहां मां सरयू की आरती करेंगे। इसके बाद उनकी मौजूदगी में राम की पैड़ी पर दीप प्रज्ज्वलन होगा। दीपों से जगमगाती रामनगरी के बीच प्रोजेक्शन मैपिंग के माध्यम से भगवान श्रीराम की गाथा का प्रदर्शन किया जाएगा। साथ ही ड्रोन और लेजर शो का आयोजन होगा। सीएम राम की पैड़ी पर बने मंच से संबोधन भी करेंगे। इसके बाद सरयू पुल पहुंचकर हरित पटाखों के प्रदर्शन का अवलोकन करेंगे। हरित आतिशबाजी के बाद वो दोबारा रामकथा पार्क पहुंचेंगे और रामलीला का अवलोकन करेंगे। रात्रि में उनका सरयू अतिथि गृह में विश्राम प्रस्तावित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button