ओपिनियन

डीपफेक के युग में सत्यम, विश्वास और पत्रकारिता का भविष्य

डीपफेक के सामाजिक और व्यक्तिगत असर

आज जिस तकनीकी दुनिया में हम जी रहे हैं, वहाँ सूचना का प्रसार जितना तेज़ है, उतनी ही तेज़ी से भ्रम और झूठ भी समाज में जगह बना रहे हैं। तकनीकी नवाचारों ने संवाद और पत्रकारिता की दुनिया को नई ऊँचाइयों पर पहुँचाया है, लेकिन इसी सफर में ‘डीपफेक’ जैसी खतरनाक विधा ने सच और झूठ के बीच की पुरानी सीमाओं को धुंधला कर दिया है। कोई वीडियो, ऑडियो या फोटो, जिसे देखकर लोग आंख मूंदकर भरोसा कर लेते थे, उसी पर आज संदेह करना ज़रूरी हो गया है क्योंकि डीपफेक के उपकरणों ने असलियत और कल्पना की खाई को पाट दिया है। अब किसी भी आम इंसान, सेलिब्रिटी, राजनेता या सामाजिक नेता के नाम से नकली भाषण, भड़काऊ बयान या आपत्तिजनक वीडियो मिनटों में बन सकते हैं।

डीपफेक की शुरुआत तकनीकी से हुई थी। कुछ टेक्नोलॉजी प्रेमियों ने अपने शौक के लिए चेहरों की अदला-बदली वाली क्लिप बनाई, मतिभ्रम पैदा किया और सोशल मीडिया पर दोस्तों को हैरान-परेशान किया। लेकिन धीरे-धीरे यह तकनीक इंटरनेट पर सुलभ हो गई और सॉफ्टवेयर, मोबाइल ऐप में ऐसी क्षमताएं आ गईं कि आम आदमी भी बड़ी आसानी से किसी की आवाज, चेहरे या भावभंगिमा की नक़्ल कर सकता है ऐसा हूबहू, जिसे पहचान पाना आम जन के लिए सम्भव नहीं। इसी से खतरे की घण्टी बजनी शुरू हुई।

सोचिए, किसी राजनीतिक दल के नेता का ऐसा नकली वीडियो वायरल कर दिया जाए जिसमें वह देश के लिए भड़काऊ बातें कर रहा हो। या किसी प्रसिद्ध अभिनेत्री की छवि को छेड़छाड़ कर अपमानजनक रूप में सोशल प्लेटफार्मों पर उछाल दिया जाए। नतीजा सिर्फ व्यक्तिगत बदनामी नहीं है, बल्कि पूरी राजनीति, समाज और यहाँ तक कि कानून-व्यवस्था भी हिल सकती है। इसी तकनीक के जरिये बीते वर्षों में विश्व के कई देशों में चुनावों के दौरान भारी मात्रा में फर्जी वीडियो फैले किसी उम्मीदवार को अपमानित या कट्टरपंथी दिखाने के लिए, किसी आंदोलन के खिलाफ जनता को भड़काने के लिए या विचारधारा में संदेह पैदा करने के लिए।

पत्रकारिता, जो अपने आपको सच का प्रहरी मानती थी, उसके लिए डीपफेक एक दोहरी चुनौती बन गई। पहली चुनौती तो यही है कि विवादित या सनसनीखेज वीडियो यदि जनता के बीच पहुंचता है तो वह ‘ब्रेकिंग न्यूज़’ के दबाव में बिना जाँच के तत्काल चलाया जाता है। इंफॉर्मेशन का वेग और सोशल मीडिया की आग दोनों मिलकर झूठ का विस्तार कर देते हैं। बाद में, जब वीडियो के डीपफेक होने की पुष्टि होती है, तब भी उसकी छवि और असर समाज में पहले से ही फैल चुके होते हैं। इस सिलसिले में मीडिया संस्थानों की विश्वसनीयता, रिपोर्टिंग की नैतिकता और संपादकीय विवेक पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। पहले जिस मीडिया पर जनता आँख बंद कर भरोसा करती थी, अब उसी पर शक होना शुरू हो गया है।

इसका एक और गहरा असर सामाजिक ताने-बाने पर है। फर्जी वीडियो चाहे वह धार्मिक विद्वेष भड़काने वाला हो, किसी जाति, समुदाय, वर्ग या देश को निशाना बना रहा हो बहुत तेज़ी से सामाजिक तनाव खड़ा कर सकता है। भारत जैसे विविध, विशाल और डिजिटल संक्रमण के दौर में खड़े देश में, जहाँ पहली बार इंटरनेट इस्तेमाल करने वालों की संख्या करोड़ों में है, वहाँ डिजिटल साक्षरता अब अस्तित्व का सवाल बन गई है। गाँवों, छोटे शहरों, बुजुर्गों, पढ़ाई से दूर परिवारों में मिली-जुली जानकारी और रटी-रटाई अफवाहें फौरन फैल जाती हैं। कई बार, एक अकस्मात वायरल डीपफेक वीडियो किसी निर्दोष व्यक्ति, परिवार या समुदाय की इज्जत, सुरक्षा या जीवन बर्बाद कर देता है।

विश्व स्तर पर भी हालात अलग नहीं है। सोशल मीडिया और टेलीग्राम जैसे एप्लिकेशन, जहां बहुत हद तक मॉडरेशन नहीं या माइल्ड स्तर का है, वहां फर्जीपना तीव्र गति से बढ़ता है। सबसे बड़ी मुश्किल यह है कि कोई भी आसानी से अलग पहचान बनाए, किसी वीडियो का मूल स्त्रोत छुपा ले, और फेक कंटेंट कितने भी नेटवर्क पर फैल जाए, रोकना तकरीबन असम्भव लगता है।

डीपफेक से न्यायिक प्रक्रिया भी प्रभावित होती है। अब अदालत में संदिग्ध ऑडियो या वीडियो को ले जाना कि यह असली है या नकली, स्वयं एक चुनौती हो गया है। पुलिस, वकील, न्यायाधीश सभी के लिए प्रमाणिकता की परख तकनीकी विशेषज्ञों की मदद के बिना संभव नहीं होती। कभी-कभी, असली सुबूतों को भी फर्जी कहकर खारिज कराने का रास्ता खोलने की कोशिश होती है। इस तरह, कानून और न्यायपालिका के लिए भी डीपफेक बड़ा सिरदर्द बन गया है।

इस गंभीर संकट का मुकाबला कैसे हो सकता है? पत्रकारिता, टेक्नोलॉजी, कानून, और समाज चारों को एकजुट होकर समाधान निकालने होंगे। सबसे पहले, डिजिटल मीडिया संस्थानों को अपने भीतर तेज़ रफ्तार फेक्ट-चेकिंग टीमें, खुद के एआई आधारित सत्यापन उपकरण और प्रमाण स्रोत बढ़ाने होंगे। बिना जांचे-परखे वायरल क्लिप या ऑडियो-वीडियो को चलाने के बजाय “सत्यापन में है” का संदेश देना सिस्टम की गरिमा को बचा सकता है।

दूसरा बड़ा उपाय डिजिटल साक्षरता है। नागरिकों को ऑनलाइन शिक्षा, मीडिया लॉजिक्स, अफवाह की पहचान, रिवर्स इमेज सर्च, और टेक्नोलॉजी की बुनियादी समझ सिखाना प्राथमिकता होनी चाहिए। स्कूल, कॉलेज, पंचायत, एनजीओ, सरकारी संस्थान हर जगह समुदाय-आधारित अभियान चले। बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों को सिखाया जाए कि वे हर वायरल खबर को सच न मानें, बल्कि उस पर सवाल उठाएं, जांचें और पुष्टि करें।

तीसरा, कानूनों में सख्ती जरूरी है। भारत में अभी भी डीपफेक जैसे डिजिटल अपराधों के लिए कोई स्पष्ट और सख्त दंड प्रावधान नहीं हैं। सरकार को तत्काल साइबर कानून में संशोधन कर ऐसे मामलों को संज्ञेय अपराध के दायरे में समुचित सजा के साथ लाना चाहिए। सोशल मीडिया कंपनियों के सामने भी जिम्मेवार आकार देना चाहिए कि वे ऐसे वीडियो को तेजी से पहचानकर हटाएं और बनाने फैलाने वालों के खिलाफ एक्शन लें।

इसके साथ ही, पत्रकारिता को वापस अपने मूल्य और विवेक की ओर लौटना होगा। चटपट ब्रेकिंग पाने या ट्रेंड का पीछा करने के बजाय विश्वसनीयता की कसौटी अपनानी होगी। स्थानीय और वैश्विक मीडिया स्टार्टअप्स द्वारा अपनाए गए फेक्ट-फाइंडिंग मॉडल, गहन छानबीन, डेटा डॉक्टरी, और समयबद्ध स्पष्टीकरण प्रक्रिया ये सब बड़े न्यूज़रूम के लिए सीखने योग्य पहलू हैं। हर खबर की पुष्टि में लगने वाला समय जरूरी है, चाहे “सबसे पहले” का टैग किसी और को ही क्यों न मिल जाए, “सबसे सही” का स्थान ज्यादा मूल्यवान है।

अंत में, यह सिर्फ पत्रकारों, पुलिस, या सरकार की चुनौती नहीं बल्कि हम सबकी जवाबदेही है। आप, मैं, हम सब जो सोशल मीडिया, ऑनलाइन समाचार, ग्रुप्स, और डिजिटल संवाद का हिस्सा हैं, उन्हें सोशल जिम्मेदारी निभानी होगी। हर वायरल खबर, वीडियो, ऑडियो पर सवाल पूछना, उसे तटस्थ ढंग से परखना, विचलित करने वाली खबरें फैलाने से बचना, जरूरत पड़े तो फेक्ट-चेक पोर्टल्स या संबंधित अधिकारियों से पुष्टि करना यही हमारी असली नागरिकता है।

भविष्य में डीपफेक और स्मार्ट होते जाएंगे, तकनीक नए रूप में चुनौती देती रहेगी। लेकिन सच और भरोसे का महत्व हमेशा बना रहेगा, अगर हम व्यक्तिगत ईमानदारी और सामाजिक चेतना बनाए रखें। एक सशक्त, साक्षर और सतर्क समाज ही सूचना-क्रांति के इस दौर में सच के दीपक को जलाए रख सकता है।

‘डीपफेक’ भले ही नकलीपन की नई ताकत बन गया हो, मगर हमारा विवेक, जागरूकता और पत्रकारिता के सिद्धांत उसे हर बार चुनौती देंगे। समय का तकाजा यही है कि संवाद, मीडिया और तकनीकी संस्कृति में पारदर्शिता, चेतना और सीखने का भाव हमेशा जिंदा रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button