क्रेडिट कार्ड कल्चर: भारत की गति या कर्ज़ का फंदा?
डिजिटल युग में प्लास्टिक मनी का बोलबाला

भारत में क्रेडिट कार्ड का चलन अब छोटे-छोटे शहरों, कॉलेज के छात्रों और मध्यमवर्गीय परिवारों तक फैला है। जो क्रेडिट कार्ड कभी बड़े वर्ग या व्यापारियों की सुविधा मानी जाती थी, वह आज डिजिटल इंडिया के हर कोने में एक नई उपभोक्तावादी संस्कृति की पहचान बन गया है। मगर सवाल यही है क्या ये क्रेडिट कार्ड हमारी ज़िंदगी को आसान बना रहे हैं या अनियोजित कर्ज़ का नया जाल बुन रहे हैं?
2025 में देश में 11 करोड़ से ज्यादा एक्टिव क्रेडिट कार्ड हैं, जिनसे हर महीने 430 मिलियन लेनदेन होते हैं। साल भर में कुल कार्ड खर्च ₹21.16 लाख करोड़ पार कर गया है, और यह बीते साल से 15% ज्यादा है। महानगरों से लेकर लुधियाना, कानपुर जैसे शहरों तक, ऑनलाइन शॉपिंग, यात्रा, डाइनिंग, और यहां तक कि अस्पताल या ग्रॉसरी तक, कार्ड का इस्तेमाल बढ़ा है।
बैंक और फिनटेक कंपनियां लगातार नए फीचर्स रिवॉर्ड पॉइंट, कैशबैक, BNPL, EMI, और को-ब्रांडेड कार्ड लेकर आ रही हैं। UPI से जुड़े क्रेडिट कार्ड, वर्चुअल और सिक्योर्ड कार्ड और डिजिटल अवेयरनेस ने युवाओं, सेल्फ-एंप्लॉयड और पहली बार कार्ड लेने वालों का आकर्षण और बढ़ाया है।
आज की युवा पीढ़ी कार्ड को केवल “इमरजेंसी सुविधा” नहीं, बल्कि रोजमर्रा की खरीद और अपने ड्रीम्स पूरे करने का साधन मानती है। एक अध्ययन में 75% क्रेडिट कार्ड धारकों ने माना कि डिजिटल आसानियों और रिवॉर्ड्स ने खर्च बढ़ा दिया है। औसत खर्च प्रति कार्ड जनवरी 2025 में ₹16,911 रहा, और कई यूजर्स अपनी आमदनी से ज्यादा खर्च करते हैं। ई-कॉमर्स, मोबाइल पेमेंट्स और लाइफस्टाइल एक्सपेंसेज़ का बड़ा हिस्सा अब कार्ड के जरिये हो रहा है।
कार्ड कल्चर के साथ छिपा खतरा भी बढ़ रहा है। 2024-25 में क्रेडिट कार्ड कर्ज ₹2.70 लाख करोड़ तक जा पहुंचा और डिफॉल्ट रेट 1.8% पर पहुंचा, जो चिंता का विषय है ।आरबीआई के अनुसार, औसतन कार्ड कर्ज पर 45% वार्षिक ब्याज है अगर चुकौती समय पर न हो, तो ब्याज और जुर्माने से कर्ज दोगुना भी हो सकता है। बीएनपीएल (Buy Now Pay Later) और ईएमआई के रवैये ने खासकर युवाओं को बिना ज़रूरत भी अनावश्यक खर्च और कर्ज़ में झोंक दिया है।
यह कर्ज़ संस्कृति बचत पर भी असर डाल रही है। देश का हाउसहोल्ड सेविंग रेशियो लगातार गिरकर 18.1% GDP पर आ गया है यानी लोग अब जरूरत से ज्यादा उधारी और कम बचत करने लगे हैं।
RBI और बैंक लगातार अवेयरनेस और रिस्क मॉनिटरिंग ज़रूर कर रहे हैं ,कार्ड की लिमिट, ट्रांजैक्शंस और डिफॉल्ट पर नजर, आर्थिक शिक्षा अभियान और नियामकीय सख्ती, बैंकों का स्कोर-आधारित कार्ड ऑफर व पर्सनलाइज ऑफर, कंज्यूमर एजुकेशन मिनिमम रीपेमेंट की आदत से बचाव, समय पर पूरा भुगतान।
अपनी जरूरत व आय के अनुपात में ही खर्च करें। कार्ड का ब्याज, चार्जेस और ड्यू डेट समझें। सिर्फ रिवॉर्ड्स, ऑफर या BNPL के लिए ओवरस्पेंडिंग से बचें। कार्ड स्टेटमेंट हर महीने चेक करें और बचत को प्राथमिकता दें। बच्चों व परिवार को फाइनेंशियल डिसिप्लिन सिखाएं।
क्रेडिट कार्ड कल्चर भारत की आर्थिक गतिशीलता, डिजिटल सुविधा और उपभोक्ताओं के सपनों का नया युग है यदि जिम्मेदारी से उपयोग करें। लेकिन ज्ञान, अनुशासन और सीमाओं के बिना यही सुविधा कब कर्ज का जाल, तनाव या आर्थिक दबाव बन जाए, कहना मुश्किल है। परिवार, युवा और समाज जब अनुशासन, समझदारी और स्मार्ट नियोजन अपनाएंगे तभी क्रेडिट कार्ड असल में ‘फ्रेंड’ बनेगा।



