अंतरराष्ट्रीयराष्ट्रीय
Trending

भारत–कैरेबियन रिश्तों में नई ऊर्जा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ट्रिनिडाड और टोबैगो का सर्वोच्च नागरिक सम्मान

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ट्रिनिडाड और टोबैगो ने अपने देश का सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ऑर्डर ऑफ द रिपब्लिक ऑफ ट्रिनिडाड एंड टोबैगो’ (ORTT) प्रदान किया है। यह पहली बार है जब यह प्रतिष्ठित सम्मान किसी विदेशी नेता को दिया गया है। पोर्ट ऑफ स्पेन में हुए विशेष समारोह में ट्रिनिडाड की राष्ट्रपति क्रिस्टीन कंगालू ने प्रधानमंत्री मोदी को यह सम्मान भेंट किया। सम्मान स्वीकार करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह पुरस्कार व्यक्तिगत नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों का सम्मान है। उन्होंने इसे भारत और ट्रिनिडाड के बीच लंबे समय से चले आ रहे भरोसे और दोस्ती के रिश्ते का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ दो देशों के बीच नहीं, बल्कि दो संस्कृतियों, दो इतिहासों और एक भावनात्मक जुड़ाव का उत्सव है।

अपनी यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने ट्रिनिडाड और टोबैगो की संसद को भी संबोधित किया, जहां उन्होंने भारतीय मूल के लोगों के लिए एक बड़ी घोषणा की कि अब छठी पीढ़ी तक के भारतीय मूल के लोग OCI (ओवरसीज सिटिजन ऑफ इंडिया) कार्ड के पात्र होंगे। यह कदम वहां रह रहे प्रवासी भारतीयों के लिए बेहद भावनात्मक और व्यावहारिक मायने रखता है। इस दौरे में उन्होंने दोनों देशों के बीच व्यापार, तकनीक, स्वास्थ्य, ऊर्जा और कृषि के क्षेत्रों में सहयोग को और मज़बूत करने की बात कही। उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और युवा नवाचार जैसे आधुनिक क्षेत्रों में भी साझेदारी पर जोर दिया।

प्रधानमंत्री का ट्रिनिडाड में बेहद गर्मजोशी से स्वागत किया गया। भोजपुरी चौताल गीतों से सजे पारंपरिक कार्यक्रम, गार्ड ऑफ ऑनर और भारतीय मूल के लोगों के आत्मीय अभिनंदन ने माहौल को और भावनात्मक बना दिया। मोदी ने कहा कि वे यहां आकर उन पूर्वजों की आत्मा से जुड़ते हैं, जो भारत से यहां आकर बस गए और अपनी पहचान बनाई। यह दौरा 1999 के बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली द्विपक्षीय यात्रा थी और यह भारत और कैरेबियाई देशों के रिश्तों में नई उम्मीद, भरोसा और गहराई का संकेत है। इस सम्मान ने सिर्फ नरेंद्र मोदी की अंतरराष्ट्रीय पहचान को और मज़बूती नहीं दी, बल्कि भारत की विदेश नीति को भी एक नई दिशा दी है – जहां संबंध सिर्फ रणनीति नहीं, दिल से जुड़ाव भी बनते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button