
उत्तर भारत में हालिया बाढ़ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हिमाचल और पंजाब दौरा किसी प्रशासनिक रस्म या औपचारिक घोषणा भर नहीं, बल्कि एक गहरा राजनीतिक और मानवीय संदेश है। जब रुक-रुक कर बरसती बारिशें लोगों की ज़िंदगी उजाड़ देती हैं, तब जनता की सबसे पहली नज़र सत्ता, नीति और प्रशासन पर जाती है क्या ये व्यवस्थाएं भीषण मौसम के नए खतरे को समझ रही हैं? क्या नेतृत्व भविष्य के खतरे के लिए तैयारी करेगा?
हिमाचल प्रदेश और पंजाब हर साल मॉनसून में प्रकृति का सामना करते हैं, लेकिन इस बार बारिश, भूस्खलन और बाढ़ का प्रकोप ऐसा था कि गांव, कस्बे और शहर सब हिल गए। सैकड़ों लोगों की मौत हो गई, हजारों लोग घरों से बेघर हुए, नदियां बेकाबू रहीं, और फसलें जिन्हें सालभर संजोया गया पानी में बह गईं. बच्चे स्कूल से कट गए, लोग राहत शिविरों में पहुंचे और रोज़मर्रा की खुशहाली अचानक हाहाकार में बदल गई। पेड़, सड़कों और पुल टूटे पड़े थे, हर चेहरे पर डर और बेबसी साफ़ झलक रही थी।
मोदी ने अपने दौरे में दोनों राज्यों के प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वे किया, प्रशासन को राहत व पुनर्वास में तेजी का निर्देश दिया और नुकसान का जायजा लिया। केंद्र द्वारा 1,600 करोड़ रुपये की राहत, मृतकों के परिवार के लिए आर्थिक मदद और अनाथ हुए बच्चों की सुरक्षा का एलान ज़रूर हुआ, पर असल परीक्षा यह है कि प्रशासन वास्तविक ज़रूरतमंदों तक मदद पहुंचाए, राजनीति से ऊपर उठकर आपदाग्रस्त गांवों-शहरों तक भरोसे की डोर बांधे. उम्मीद यही है कि इस बार सिर्फ घोषणा या फोटो-ऑप नहीं, बल्कि जमीनी परियोजनाएं, पुनर्निर्माण और स्थानीय आवाजों की सुनवाई हो।
आज यह साफ है कि ऐसी आपदाएं “दुर्घटना” नहीं, गलत जमीन उपयोग, अनियंत्रित निर्माण, जंगलों की कटाई, और परिवर्तित जलवायु का परिणाम हैं. पहाड़ हों या खेत, दोनों को विकास के नाम पर लापरवाही की भारी कीमत चुकानी पड़ी है। मौसम के पैटर्न बदल रहे हैं, नदियां नई धाराएं बनाती हैं और बारिश की तीव्रता बेहिसाब होती जा रही है। अब फौरी राहत और मुआवजा नाकाफी हैं जरूरी है आपदा-पूर्व सुरक्षा, वैज्ञानिक चेतावनी प्रणाली, सतत सिंचाई और नदी क्षेत्र का पुनरुद्धार। मंत्री, वैज्ञानिक, ग्रामीण और स्वयंसेवी संस्थाएं सभी को मिलकर स्थानीय हालात के हिसाब से दीर्घकालिक जलवायु रणनीति बनानी होगी।
संकट की घड़ी में केवल सरकारी व्यवस्था नहीं, समाज की ‘रिफ्लेक्स’ और नागरिकों का सहयोग ही असली ताकत है। डॉक्टरों, राहतकर्मियों, पड़ोसियों ने जिस तरह राहत सामग्री, दवाइयां, मनो-सहारा और मदद दी, उसी में भविष्य की आशा छुपी है। आपदाओं के दौर में भावनात्मक और सामाजिक पुनर्निर्माण सरकार जितना नहीं, समाज और स्थानीय समुदाय उतना ही कर पाते हैं। बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों की विशेष ज़रूरतों, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और स्कूल के पुनर्निर्माण यह सब मिलकर ही सबसे असरदार राहत साबित होंगे।



